नवनिर्मित नाला बना मुसीबत, जलभराव से परेशान व्यापारियों ने चुनाव बहिष्कार की दी चेतावनी

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। अतरौलिया नगर पंचायत क्षेत्र के खानपुर फतेह बुधनिया रोड पर नवनिर्मित नाला ही अब स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण नाले का गंदा पानी और बारिश का पानी सड़क पर जमा हो रहा है, जिससे व्यापारियों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को आक्रोशित व्यापारियों और नगरवासियों ने गंदे पानी में खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया और नगर पंचायत प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। प्रदर्शन कर रहे लोगों में राहुल मिश्रा, नितीश जायसवाल, आनंद जायसवाल, शशिकांत गुप्ता, प्रेम सोनी, नवनीत जायसवाल और हिमांशु विनायकर समेत दर्जनों लोग शामिल रहे। व्यापारियों का कहना है कि इस मार्ग पर बीते करीब 20 वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई थी। कई बार शिकायत और प्रार्थना पत्र देने के बाद नाले का निर्माण तो कराया गया, लेकिन तकनीकी खामियों के चलते समस्या और बढ़ गई है। आरोप है कि नाला सड़क से करीब ढाई फीट ऊंचा बना दिया गया है, जिससे पानी की निकासी नहीं हो पा रही और गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जलभराव के कारण दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हैं, वहीं राहगीर इस मार्ग से गुजरने से कतराने लगे हैं। इसका सीधा असर स्थानीय व्यापार पर भी पड़ रहा है। आक्रोशित नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आगामी चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा और दुकानों को बंद कर रास्ता बंद कर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन तेज किया जाएगा। साथ ही, अधिशासी अधिकारी पर फोन न उठाने और कार्यालय में अनुपस्थित रहने का भी आरोप लगाया गया।इस संबंध में अधिशासी अधिकारी विनय शंकर अवस्थी ने बताया कि ठेकेदार से बातचीत की गई है और नाले की सफाई कराकर जल निकासी को सुचारु बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नाले की ऊंचाई से जुड़ी समस्या पूर्व में बनी डीपीआर का हिस्सा है, जिसे संबंधित जूनियर इंजीनियर के साथ निरीक्षण कर तकनीकी रूप से सुधारने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल, मोटर पंप के जरिए जल निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी।नगरवासियों को अब प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है, ताकि लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या से उन्हें राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *