

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले में चोरी और गृहभेदन की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतरजनपदीय शातिर अपराधियों के गिरोह का देवगांव पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए चोरी की दो घटनाओं का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के आभूषण, 1,510 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों के खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर जनपद के विभिन्न थानों में कुल 34 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें संतोष सिंह पर सर्वाधिक 19, संजय राय पर 10 और सुमित उर्फ सोनू सिंह पर 5 मुकदमे दर्ज हैं।मामला थाना देवगांव क्षेत्र का है। बीते 30 सितंबर की रात गोपालपुर सोठौली गांव निवासी रामाशंकर यादव के घर के बरामदे में खड़ी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो टीवी और अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिया गया था। इसके बाद 10 अक्टूबर को कंजहित गांव निवासी शिवशंकर के घर में घुसकर बक्से में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। दोनों मामलों में देवगांव थाने पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में देवगांव पुलिस टीम ने 30 अक्टूबर की रात करीब 1:50 बजे मेहनाजपुर रोड स्थित मोलनापुर ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, चांदी की तीन जोड़ी पायल, 15 बिछिया, पीली धातु की एक चेन, 1,510 रुपये नकद तथा .315 बोर का एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय राय निवासी रामचन्द्रपुर थाना देवगांव, सुमित उर्फ सोनू सिंह निवासी अहिरौली थाना मेहनगर और संतोष सिंह निवासी तिलहुआ थाना निजामाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने संजय राय के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया है। तीनों आरोपियों के विरुद्ध चोरी और गृहभेदन से संबंधित मामलों में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
