

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए आजमगढ़ पुलिस ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। जनपद के कुल 1,044 छोटे-बड़े छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रमुख एवं संवेदनशील घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ दो कंपनी पीएसी की तैनाती की गई है। वहीं महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक के नेतृत्व में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस टीमों ने व्यापक पैदल गश्त भी की और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की।इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी एवं थाना प्रभारी कोतवाली ने पुलिस बल के साथ कोतवाली से पहाड़पुर तक पैदल गश्त की। इसके साथ ही गौरी शंकर घाट, दलाल घाट, एकलव्य घाट एवं नयापुल घाट का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।वहीं क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर विजय कुमार सिंह गौर एवं थानाध्यक्ष अहरौला ने कस्बा अहरौला में पैदल गश्त की। क्षेत्राधिकारी फूलपुर भूपेश कुमार पाण्डेय ने फूलपुर क्षेत्र के छठ घाटों का निरीक्षण किया, जबकि क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल ने देवगांव क्षेत्र के महत्वपूर्ण घाटों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, गोताखोर, ट्यूब और अन्य बचाव उपकरणों की व्यवस्था की गई है। जिन घाटों पर नावों का संचालन होता है, वहां पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ लाइफ जैकेट भी उपलब्ध कराई गई है।इसके अलावा घाटों एवं मेला क्षेत्रों में छेड़खानी, छिनैती और अन्य अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से सतर्क किया गया है। आजमगढ़ पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि नदी एवं जलाशयों में गहरे पानी में जाने से बचें, बच्चों का विशेष ध्यान रखें और पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।पुलिस प्रशासन का कहना है कि छठ महापर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
