




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है। विभिन्न निरीक्षणों, ड्यूटी चेकिंग और प्राप्त रिपोर्टों के आधार पर कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता पाए जाने पर जनपद के 13 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि 19 अन्य पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय जांच शुरू करने के आदेश दिए गए हैं।एसएसपी द्वारा किए गए निरीक्षण में कई पुलिसकर्मी बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। बकरीद जैसे संवेदनशील पर्व के दौरान कुछ कर्मियों द्वारा निर्धारित ड्यूटी स्थल छोड़कर अन्य स्थानों पर पीआरवी खड़ी किए जाने की भी पुष्टि हुई। वहीं कुछ पुलिसकर्मी पीआरवी ड्यूटी के दौरान सोते हुए पाए गए तथा सुरक्षा व्यवस्था और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग में भी गंभीर लापरवाही सामने आई।टोल प्लाजा पर गो-तस्करी रोकने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात पुलिसकर्मी भी अपेक्षित सतर्कता नहीं बरतते मिले। कई स्थानों पर अधिकारी और कर्मचारी वाहनों की जांच करने के बजाय आराम करते हुए पाए गए, जिसे विभाग की छवि के प्रतिकूल माना गया।एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या आदेशों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।
