




सांसद ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और एनकाउंटर पर भी उठाए सवाल
सांसद ने कहा 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और उसके बाद केंद्र सरकार भी बदलेगी तभी प्रदेश और देश में बदलाव होगा
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ के सांसद धर्मेंद्र यादव ने जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक के निरस्त होने पर प्रशासन और सरकार पर तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को पड़ा भवन पर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान धर्मेंद्र यादव ने बताया कि लगभग 10-12 दिन पहले ‘दिशा’ के उपाध्यक्ष सांसद दरोगा सरोज जिले के सभी विधायकों, जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी की सहमति से आज की बैठक तय की गई थी। इसके बावजूद जिलाधिकारी बैठक में शामिल नहीं हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुरानी बैठकों में अधिकारियों द्वारा जो आश्वासन दिए जाते हैं, उन्हें कभी पूरा नहीं किया जाता। हर बैठक में सिर्फ वही पुराने आश्वासन दोहराए जाते हैं, जिससे जनता के मुद्दों का समाधान नहीं हो रहा है। सांसद ने कहा कि कहा कि यह मामला किसी एक अधिकारी का नहीं बल्कि पूरी सरकार का है। केंद्र और राज्य की सरकारें अधिकारियों के माध्यम से जनप्रतिनिधियों का लगातार अपमान कर रही हैं, जो कि जनता के प्रति सीधे जिम्मेदार हैं। सांसद ने कहा कि आजमगढ़ समाजवादी और स्वाभिमानी जनपद है। इस धरती ने कभी अंग्रेजों की गुलामी, इमरजेंसी या किसी भी तरह की तानाशाही को स्वीकार नहीं किया है, इसलिए यहाँ के जनप्रतिनिधि अधिकारियों के इशारों पर नहीं चलेंगे और इस तरह का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। अधिकारियों के इस रवैये और गंभीरता की कमी के कारण,सभी जनप्रतिनिधियों की आम सहमति से आज की बैठक को निरस्त कर दिया गया।प्रेसवार्ता के दौरान सांसद धर्मेंद्र यादव ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और लगातार हो रहे एनकाउंटर पर भी सवाल उठाएं। उन्होंने कहा कि 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और उसके बाद केंद्र सरकार भी बदलेगी तभी प्रदेश और देश में बदलाव होगा।
