




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ थाना क्षेत्र के कप्तानगंज में बच्चों के बीच खेल के दौरान हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने एक किशोर की बेरहमी से पिटाई कर दी और धारदार हथियार से उसके गुप्तांग को काटने का प्रयास किया। हमले में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित के पिता रिंकू सोनी की तहरीर के अनुसार, 4 जून की शाम करीब 6:20 बजे उनका पुत्र आयुष सोनी अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान बच्चों के बीच हुई कहासुनी के बाद मंसूर, बादशाह और करीम ने कथित रूप से आयुष को घेर लिया और लाठी-डंडों व लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि पिटाई से किशोर बेहोश हो गया।परिजनों का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला किया, जिससे किशोर के गुप्तांग सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। गभीर रूप से घायल किशोर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर मंसूर और उसके दो बेटों बादशाह व करीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
