

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव में कथित धर्मांतरण की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। गांव में ईसाई मिशनरी से जुड़े लोगों द्वारा कथित रूप से धर्मांतरण की गतिविधियां चलाए जाने की शिकायत के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मौके पर ग्रामीणों और महिलाओं की मौजूदगी के बीच पुलिस अधिकारियों ने लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने मामले से जुड़े पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर सामने आई शिकायत का आजमगढ़ पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया। संबंधित अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और गांव में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि मामले में पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
