आजमगढ़ में सेकेंड हैंड कार के नाम पर 2.98 लाख की ठगी का आरोप, वाहन नहीं मिला तो मांगे रुपये,10 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सेकेंड हैंड चार पहिया वाहन दिलाने के नाम पर 2.98 लाख रुपये लेने और एक माह बाद भी वाहन उपलब्ध न कराने का मामला सामने आया है। रकम वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुबारकपुर थाने में 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। न्यायालय के आदेश पर दर्ज मुकदमे के बाद पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है। नगर के पुरानी बस्ती निवासी अनुज कुमार सोनकर ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि आरोपी चार पहिया वाहनों की खरीद-फरोख्त और दलाली का काम करते हैं। आरोप है कि वाहन दिलाने का भरोसा देकर उनसे अलग-अलग बैंक खातों में कुल 2.98 लाख रुपये जमा कराए गए। FIR के मुताबिक, आरोपी अंकित के खाते में 1.16 लाख 600 रुपये, जबकि सविता देवी के खाते में 96 हजार 500 रुपये भेजे गए। शेष रकम अन्य आरोपियों के खातों में भेजी गई। एक माह में वाहन पहुंचाने का दिया था भरोसा शिकायतकर्ता का आरोप है कि रुपये लेते समय आरोपियों ने वाहन के कागजात दिखाकर भरोसा दिलाया था कि वाहन एक माह के भीतर उसके घर पहुंचा दिया जाएगा। निर्धारित समय बीतने के बाद भी वाहन नहीं मिला। रकम वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगे। आरोप है कि रुपये लौटाने का दबाव बनाने पर आरोपियों ने रकम वापस करने से इनकार कर दिया और फर्जी मुकदमे में फंसाकर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी। थाने से लेकर एसएसपी तक शिकायत, फिर कोर्ट पहुंचा मामला अनुज कुमार के मुताबिक, उसने पहले मुबारकपुर थाने में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत की गई। वहां से भी कार्रवाई न होने पर उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या-20, आजमगढ़ के आदेश पर मुबारकपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। एफआईआर 3 सितंबर 2026 को दोपहर 1:01 बजे दर्ज की गई। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
एफआईआर में सविता देवी, अंकित समेत कुल 10 लोगों को नामजद किया गया है। विवेचना उपनिरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस बैंक खातों में हुए लेन-देन, वाहन से संबंधित दस्तावेज और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *