आजमगढ़ : अखिलेश यादव पर भूपेंद्र चौधरी का हमला, बोले- सनातन धर्म को कलंकित करने का करते हैं काम, मठ-मंदिर हमारी संस्कृति और परंपरा, यह राजनीतिक नहीं आस्था का विषय है; AI के दुरुपयोग पर भी सपा को घेरा

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

कहा राहुल गांधी ने हिंदू धर्म को बदनाम करने की सुपारी ले रखी है

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सनातन धर्म और साधु-संतों का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव लगातार ऐसे प्रयास करते हैं, जिससे लोगों के मन में हिंदू धर्म, सनातन संस्कृति और साधु-संतों के प्रति अविश्वास पैदा हो।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा में रुकने और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि मठ और मंदिर हमारी संस्कृति और परंपरा का हिस्सा हैं। यह हमारे लिए कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि आस्था से जुड़ा विषय है। हम हिंदू हैं और अपनी आस्था एवं परंपराओं का पालन करते हैं।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के एजेंडे में हमेशा से सनातन, भारतीय संस्कृति और परंपराएं रही हैं। पार्टी आगे भी इन मूल्यों को लेकर काम करती रहेगी। उन्होंने कहा कि देश की संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए भाजपा लगातार प्रयास कर रही है।अखिलेश यादव द्वारा सरकार पर AI के दुरुपयोग के लगाए गए आरोपों पर भी भूपेंद्र चौधरी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि AI का दुरुपयोग करना समाजवादी पार्टी का एजेंडा है। जिस प्रकार से समाजवादी पार्टी AI का इस्तेमाल कर रही है, भाजपा उसकी निंदा करती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस तरह के एजेंडे पर विश्वास नहीं करती है।भूपेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि AI के माध्यम से बनाए गए वीडियो के जरिए मुख्यमंत्री और साधु-संत समाज को निशाना बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इसे राजनीति के गिरते स्तर का उदाहरण बताया।कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी ने हिंदू धर्म को बदनाम करने की सुपारी ले रखी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी कभी मुस्लिम संस्थानों पर सवाल नहीं उठाते और न ही मुस्लिम समाज की बुराइयों पर बात करते हैं, लेकिन सनातन हिंदू धर्म और उसकी परंपराओं को लेकर लगातार सवाल खड़े करते हैं।उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं का प्रयास रहता है कि किसी तरह सनातन धर्म में लोगों की आस्था कम हो, लेकिन देश की जनता अपनी संस्कृति, परंपरा और सनातन धर्म के प्रति पूरी तरह जागरूक है।भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि सनातन, भारतीय संस्कृति और परंपरा भाजपा के एजेंडे में पहले भी रहे हैं और आगे भी पार्टी इन्हीं मूल्यों के साथ काम करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *