

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आजमगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत रक्तदान, मरीजों को फल वितरण और स्वच्छता के लिए श्रमदान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंडलीय चिकित्सालय में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार और भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने रक्तदान शिविर एवं फल वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने रक्तदान किया। रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने मंडलीय चिकित्सालय, महिला जिला चिकित्सालय सहित जिले के सीएचसी में मरीजों को फल वितरित किए और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। वहीं, नगरपालिका आजमगढ़ के नरौली तिराहा पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय चावला, एसडीएम सदर, नगरपालिका अध्यक्ष सरफराज आलम मंसूर और ईओ डॉ. बृजेश कुमार समेत जनप्रतिनिधियों व नागरिकों ने श्रमदान कर साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना और नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ना बताया गया है। पूरे एक महीने तक जिले में सेवा, स्वच्छता, जनभागीदारी और जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
