अतरौलिया पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी: दो मकानों में चल रहे अवैध पटाखों के गोदाम पर छापा, 5.47 लाख का बारूद बरामद, दो गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया आजमगढ़ आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत अतरौलिया पुलिस को रविवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस टीम ने कस्बा अतरौलिया के दो अलग-अलग स्थानों पर किराये के कमरों में अवैध रूप से छिपाकर रखा गया 672 किलोग्राम विभिन्न प्रकार के पटाखों का जखीरा बरामद किया है। जब्त किए गए पटाखों की अनुमानित बाजारू कीमत करीब 5 लाख 47 हजार रुपये है। पुलिस ने मौके से दो सगे भाइयों (आरोपियों) को गिरफ्तार कर विस्फोटक अधिनियम के तहत चालान कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान अतरौलिया पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली कि कस्बे में घनी आबादी के बीच किराये के कमरों में बिना किसी वैध लाइसेंस के भारी मात्रा में पटाखे डंप किए गए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी।पुलिस टीम ने पहली कार्रवाई दोपहर करीब 2:30 बजे सम्मो माता मंदिर के निकट आकाश कुमार सिंह के मकान में की। यहां किराये पर कमरा लेकर रह रहे विरेन्द्र कुमार गुप्ता (42) पुत्र खेदन राम, निवासी वार्ड नं. 09, हनुमानगढ़ी मंदिर के पास, के कमरे की तलाशी ली गई। कमरे से 24 गत्तों में भरा कुल 325 किलोग्राम अवैध पटाखा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 2.65 लाख रुपये आंकी गई।इसके बाद पुलिस टीम ने शाम करीब 4:20 बजे पटेल तिराहे के पास स्थित मिस्त्री चाचा के मकान में छापेमारी की। यहां किरायेदार प्रवीण गुप्ता उर्फ पिन्टू (36) पुत्र खेदन राम गुप्ता, निवासी बरन चौक, के कमरे से 10 बोरियों और 9 गत्तों में रखा 347 किलोग्राम अवैध पटाखा बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.82 लाख रुपये है। दोनों आरोपी पटाखों के भंडारण से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार दूबे ने बताया कि रिहायशी इलाके में इस तरह अवैध पटाखों का भंडारण करना गंभीर खतरे को दावत देना था। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना अतरौलिया में मु0अ0सं0 393/2026 व 394/2026 धारा 5/9ख विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। पकड़े गए अभियुक्त प्रवीण गुप्ता उर्फ पिन्टू के खिलाफ वर्ष 2007 में भी कंधरापुर थाने में विस्फोटक अधिनियम का मामला दर्ज था, जिसमें वह वर्ष 2022 में दोषमुक्त हो चुका है।कार्रवाई करने वाली टीमसफलता पाने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार दूबे के साथ उपनिरीक्षक विश्राम गुप्ता, उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक देवी शंकर पाण्डेय, हेड कांस्टेबल सन्त कुमार, गोविन्द मौर्या, कांस्टेबल सुमित सिंह, महेन्द्र कुमार तथा महिला कांस्टेबल निधि मिश्रा एवं सविता कुमारी शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *