

32 नामी कंपनियों ने लिया हिस्सा, करीब दो हजार बेरोजगारों ने कराया पंजीकरण; चयनित अभ्यर्थियों को सौंपे गए नियुक्ति पत्र
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन’ के तहत रविवार को अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय आजमगढ़ के तत्वावधान में आयोजित इस मेले में नौकरी पाने के लिए सुबह से ही युवक-युवतियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मेले में करीब दो हजार बेरोजगार अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 543 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए चयन किया गया।रोजगार मेले में मैन्युफैक्चरिंग, हेल्थ, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल और मार्केटिंग समेत विभिन्न क्षेत्रों की 32 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता, शैक्षिक प्रमाणपत्र और साक्षात्कार के आधार पर उनका चयन किया। रोजगार मिलने की खुशी चयनित युवक-युवतियों के चेहरों पर साफ झलक रही थी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा लालगंज जिलाध्यक्ष विनोद राजभर ने फीता काटकर किया। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार पाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि आज हर क्षेत्र में युवा नौकरियां पा रहे हैं जिसके लिए उन्हें प्रदेश सरकार नौकरियां दे रही है। इस अवसर पर सहायक निदेशक सेवायोजन राममूर्ति, जिला सेवायोजन अधिकारी राहुल गोंड, अनुदेशक अवधेश कुमार, पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अरुण कांत सिंह, कार्यक्रम संचालक एवं प्रवक्ता दिनेश सिंह तथा प्रवक्ता डॉ. शैलेश जायसवाल सहित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय और विद्यालय के समस्त कर्मचारी मौजूद रहे। रोजगार मेले के सफल आयोजन से युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नौकरी के लिए चयनित अभ्यर्थियों ने खुशी जाहिर करते हुए इसे अपने भविष्य की नई शुरुआत बताया।
