आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई नाबालिग लड़की की खरीद-फरोख्त मामले में वांछित महिला गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। थाना रौनापार पुलिस ने मानव तस्करी और नाबालिग लड़की की खरीद-फरोख्त से जुड़े चर्चित मामले में वांछित महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 में दर्ज मुकदमे में एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर घर से भगाने और बाद में राजस्थान में बेचने का मामला सामने आया था।विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान, चिकित्सीय परीक्षण और आयु संबंधी अभिलेखों के आधार पर मुकदमे में गंभीर धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई थीं। जांच में सुनील यादव, अनिल यादव, पुष्पा, श्रीमती देवी तथा एक अज्ञात क्रेता का नाम प्रकाश में आया था। मामले में मुख्य अभियुक्त सुनील यादव और अनिल यादव को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि श्रीमती देवी को भी न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में रौनापार पुलिस ने रविवार को वांछित सह-अभियुक्ता पुष्पा (35) को सपहा पाठक तिराहा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस ने कहा है कि नाबालिगों के विरुद्ध अपराध और मानव तस्करी जैसे जघन्य अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *