ऑपरेशन वज्रपात अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई गैग, रील बनाने वाले चार युवक गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत आजमगढ़ पुलिस ने अपराधियों और सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वाले युवकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिले के मेहनगर, जहानागंज और पवई थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया, जबकि गैंगस्टाइल रील और वीडियो बनाकर दहशत फैलाने का प्रयास करने वाले कई युवकों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई।

मेहनगर में मारपीट के मामले का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

थाना मेहनगर पुलिस ने पुरानी रंजिश में हुई मारपीट के मुकदमे में वांछित चल रहे अभियुक्त शिवम पुत्र बुझारत निवासी देवईत को राजघाट पुलिया से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया। आरोपी के खिलाफ मारपीट, गंभीर चोट पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।

जहानागंज में नकली हथियार के साथ रील बनाने वाला युवक पकड़ा गया

थाना जहानागंज पुलिस ने सोशल मीडिया पर नकली शस्त्र के साथ रील बनाकर रौब गांठने और दहशत फैलाने का प्रयास करने वाले मुकेश सरोज (18 वर्ष) को चिन्हित कर कार्रवाई की। युवक द्वारा इंस्टाग्राम पर वायरल किए गए वीडियो को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने उसे पकड़कर धारा 151 बीएनएसएस के तहत चालान किया। बाद में अभिभावकों की मौजूदगी में उसकी काउंसलिंग भी कराई गई।

पवई में गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वाले दो युवकों पर कार्रवाई

थाना पवई पुलिस ने इंस्टाग्राम पर गैंग बनाकर रील और वीडियो पोस्ट करने वाले अमन यादव और रजनीश विश्वकर्मा को चिन्हित कर थाना बुलाया। दोनों युवकों की अभिभावकों की उपस्थिति में काउंसलिंग की गई तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उनके खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई।पुलिस ने युवाओं और अभिभावकों से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें तथा गैंग संस्कृति, हथियारों के प्रदर्शन और भय फैलाने वाले कंटेंट से दूर रहें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन वज्रपात के तहत ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *