



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिला ओलंपिक एसोसिएशन, आजमगढ़ द्वारा आयोजित प्रथम ओलंपिक स्पोर्ट्स कार्निवल 2026 का गुरुवार को जोश, उत्साह और रंगारंग माहौल के बीच पुरस्कार वितरण के साथ भव्य समापन हो गया। आठ दिवसीय इस आयोजन का शुभारंभ 23 अप्रैल को हुआ था, जिसमें 30 अप्रैल तक एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, कुश्ती, कबड्डी, खो-खो, योगासन और स्केटिंग सहित कुल आठ खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कार्यक्रम का सूत्र वाक्य “खेलों की शक्ति, आजमगढ़ की प्रगति” रहा।समापन समारोह के मुख्य अतिथि सहजानंद राय क्षेत्रीय अध्यक्ष, गोरक्ष प्रांत, भारतीय जनता पार्टी रहे। विशिष्ट अतिथियों में मनोज कुमार मिश्रा सहायक शिक्षा निदेशक, बेसिक, लक्ष्मण मौर्य, अरविंद जायसवाल, प्रवीण कुमार सिंह, विजय शंकर यादव, पंकज मोहन सोनकर, संजय सिंह अधिवक्ता/समाजसेवी, रितिक जायसवाल, डॉ. डी.पी. राय, सर्वोदय ग्रुप के चेयरमैन राजेंद्र प्रसाद यादव तथा सेंट जेवियर ग्रुप जीयनपुर के संजय पाठक शामिल रहे।जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक, जो सदन की कार्यवाही के कारण कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके, उन्होंने दूरभाष के माध्यम से आयोजन की सफलता पर सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।मुख्य अतिथि सहजानंद राय ने अपने संबोधन में कहा कि विपरीत मौसम के बावजूद इस तरह के बड़े खेल आयोजन को सफलतापूर्वक आयोजित करना एक सराहनीय पहल है, जिसके दूरगामी सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।ओलंपिक संघ के सचिव अजेंद्र राय ने कहा कि जनपदवासियों और मीडिया के सहयोग से आयोजित यह कार्निवल जिले में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने में सफल रहा है। वहीं संयोजक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में लगभग 1200 खिलाड़ियों और विभिन्न खेलों के निर्णायकों ने भाग लिया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जल्द ही जिले के स्कूलों और खेल संघों के साथ मिलकर वार्षिक खेल कैलेंडर जारी किया जाएगा।उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन उभरते खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा निखारने का प्रेरणादायक मंच साबित हुआ है।पुरस्कार वितरण में सुनील दत्त विश्वकर्मा, अजय कुमार मौर्य, प्रज्ञा राय, शशांक शेखर सिंह, रिया सिंह, अंकिता यादव और स्रोत सिंह का विशेष योगदान रहा।इस दौरान कबड्डी, कुश्ती, एथलेटिक्स, योगासन, बैडमिंटन, बास्केटबॉल और स्केटिंग से जुड़े प्रशिक्षकों व खिलाड़ियों समेत करीब 600 खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
