


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सोशल मीडिया पर डमी पिस्टल के साथ रील बनाकर दहशत फैलाने वाले एक युवक के खिलाफ सरायमीर पुलिस ने कार्रवाई की है। ऑपरेशन वज्रपात के तहत पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक प्रशान्त सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो संज्ञान में आया। जांच में पता चला कि सरायमीर कस्बे के ठठेरी बाजार निवासी अभिषेक सोनी ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी abhishek_seth_59 से कमर में डमी पिस्टल लगाकर पंजाबी गीत के साथ रील पोस्ट की थी।पुलिस का कहना है कि इस वीडियो से आमजन में भय और अफवाह का माहौल बन रहा था तथा लोगों ने इस पर आपत्ति भी जताई थी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से ऑपरेशन वज्रपात के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शाम करीब 4:20 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से एक डमी पिस्टल बरामद की।गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और हथियारों या उनके जैसे दिखने वाले सामान के साथ भ्रामक वीडियो पोस्ट करने से बचने की अपील की है।
