


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। अतरौलिया थाना पुलिस ने हैंडपंप चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के दो हैंडपंप और उनके कल-पुर्जे बरामद किए हैं। आरोपियों द्वारा ई-रिक्शा से विभिन्न स्थानों पर जाकर हैंडपंप चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था।पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को भीलमपुर छपरा निवासी पतिराम प्रजापति ने तहरीर देकर बताया कि 2 अगस्त की रात करीब 10 बजे ई-रिक्शा पर सवार छह लोगों ने उनके घर के बाहर लगा हैंडपंप खोलकर चोरी कर लिया। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। अगले दिन वादी ने तीन आरोपियों को चोरी के हैंडपंप और ई-रिक्शा सहित पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद थाना अतरौलिया में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।विवेचना के दौरान 4 अगस्त को उपनिरीक्षक विश्वजीत पाण्डेय और उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर कम्पोजिट विद्यालय भैरोपुर (कोयलसा) के पास से तीन अन्य वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी के दो हैंडपंप और उनके कल-पुर्जे बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कई स्थानों पर हैंडपंप चोरी करने की बात स्वीकार की।पुलिस ने इस मामले में कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक 15 वर्षीय बाल अपचारी भी शामिल है। सभी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी बुढ़नपुर उपनिरीक्षक विश्वजीत पाण्डेय सहित थाना अतरौलिया के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
