

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया। विकासखंड कोयलसा की ग्राम पंचायत कटोही में उचित दर विक्रेता (कोटेदार) के चयन के लिए शनिवार को आयोजित खुली बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। विवाद और मारपीट के कारण कोटेदार चयन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी और बैठक को अगली निर्धारित तिथि तक स्थगित कर दिया गया।ग्राम पंचायत में उचित दर विक्रेता के चयन के लिए सोनी तिवारी पत्नी सत्येंद्र और लालिमा यादव पत्नी सुरेंद्र के बीच चुनाव होना था। चुनाव अधिकारी के रूप में कोयलसा विकासखंड के एडीओ आरडी कृष्ण कुमार उपाध्याय मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए बैठक स्थल पर भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया था।निर्धारित समय पर पंचायत भवन में खुली बैठक शुरू हुई। कोटेदार के चयन में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे थे। व्यवस्था बनाए रखने के लिए ग्रामीणों को लाइन में खड़ा कराया गया था। इसी दौरान लाइन में खड़े लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट और हंगामे में बदल गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।हंगामे के चलते चुनाव अधिकारी और पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन बैठक की कार्यवाही सुचारु रूप से आगे नहीं बढ़ सकी। स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने खुली बैठक को अगली निर्धारित तिथि तक स्थगित कर दिया। इसके साथ ही सोनी तिवारी और लालिमा यादव के बीच होने वाला कोटेदार का चुनाव भी टल गया।बताया गया कि कटोही में उचित दर विक्रेता के चयन के लिए पूर्व में भी बैठक कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी। इसके बाद 12 सितंबर को दोबारा खुली बैठक कराने का आदेश जारी किया गया था। इस बार प्रशासन ने चुनाव अधिकारी के साथ पर्याप्त पुलिस बल की भी व्यवस्था की थी, बावजूद इसके विवाद के कारण चयन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।अब अगली निर्धारित तिथि पर प्रशासन की मौजूदगी में दोबारा खुली बैठक कराकर उचित दर विक्रेता का चयन कराया जाएगा। इस दौरान प्रशासक कविता मौर्य, बीएमएम राजेश कुमार, सहायक विकास अधिकारी मंडलेश राव, ग्राम पंचायत अधिकारी सभा राम वर्मा, थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
