

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के ग्राम ओरिल चिड़ीमार में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 25 जून को दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से एक-दूसरे पर जानलेवा हमला किया गया। इस दौरान गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने के साथ एक वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। मामले में उपनिरीक्षक विशाल चक्रवर्ती की तहरीर पर थाना पवई में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत पवई पुलिस ने शुक्रवार सुबह ग्राम ओरिल चिड़ीमार से अरविंद राजभर, अमन राजभर, पवन राजभर, विकास राजभर और सूरज राजभर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
