

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मुबारकपुर पुलिस ने चोरी की दो सनसनीखेज वारदातों का सफल खुलासा करते हुए अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल, एक ई-रिक्शा, दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और नकद रुपये बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और ई-रिक्शा चोरी की घटनाओं की जांच सीसीटीवी फुटेज और ‘यक्ष ऐप’ की मदद से की गई। इसके आधार पर 25 जून की रात इस्लामपुरा स्थित बावन बीघा मैदान से अमन कुमार, शहदाब खान और साहिल खान को गिरफ्तार किया गया।पूछताछ में तीनों ने वाहन चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि वे सुनसान स्थानों और घरों के बाहर खड़े दोपहिया वाहन व ई-रिक्शा चोरी कर उन्हें कम कीमत पर बेच देते थे। पुलिस ने चोरी की स्प्लेंडर बाइक, ई-रिक्शा, वारदात में प्रयुक्त एक अन्य मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे, दो कारतूस और ₹450 नकद बरामद किए हैं।पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
