

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया। थाना क्षेत्र के देहुला शोभा गांव में एक शादी समारोह उस समय तनाव में बदल गया, जब जयमाल कार्यक्रम के दौरान दूल्हन के भाई पर कथित तौर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौलिया में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।देहुला शोभा गांव निवासी गंगाजली शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 24 जून की रात उनकी पुत्री सपना शर्मा का विवाह समारोह चल रहा था। द्वारपूजा की रस्म पूरी होने के बाद रात करीब एक बजे जयमाल की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान गांव के ही सचिन वर्मा, संतोष वर्मा, हरिकेश वर्मा तथा उनके कुछ अन्य साथी घर पहुंचे और उनके पुत्र दीपक शर्मा को किसी बहाने से जयमाल स्टेज के पास से अपने साथ बुलाकर ले गए।आरोप है कि कुछ दूरी पर ले जाकर सभी ने दीपक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट के बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने 108 एंबुलेंस और डायल-112 पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से घायल दीपक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौलिया पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।घायल दीपक शर्मा ने बताया कि सभी आरोपित पड़ोस के रहने वाले हैं और वह उन्हें अच्छी तरह पहचानता है। उसका आरोप है कि घटना के बाद भी लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है और परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।पीड़ित पिता गंगाजली शर्मा ने कहा कि जिस समय बेटी की जयमाल की रस्म चल रही थी, उसी समय उनके इकलौते बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपित अब भी परिवार को डरा-धमका रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
