आजमगढ़ में शराबबंदी के दौरान अवैध शराब बेचने जा रहे दो सेल्समैन गिरफ्तार, 51 टेट्रा पैक बरामद

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। एमएलसी चुनाव के मद्देनजर लागू शराबबंदी के दौरान अवैध रूप से देशी शराब बेचने जा रहे दो सेल्समैन को मुबारकपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 51 टेट्रा पैक देशी शराब, बिक्री के 520 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को मुबारकपुर कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर बावन बीघा मैदान, शहीदनगर इस्लामपुरा के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय चौहान (36) और प्रेम चन्द (30), निवासी प्यारेपुर, थाना मुबारकपुर, आजमगढ़ के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे शराब की दुकान पर सेल्समैन का काम करते हैं। चुनाव के कारण दुकानें बंद होने का फायदा उठाकर रोडवेज स्थित देशी शराब की दुकान से शराब लेकर मोटरसाइकिल से बम्हौर और अन्य स्थानों पर ऊंचे दामों में बेचने जा रहे थे। बिक्री से होने वाले मुनाफे को आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने बताया कि बरामद 51 टेट्रा पैक में प्रत्येक की मात्रा 200 मिलीलीटर है। मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। मामले में मुबारकपुर थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। संजय चौहान के विरुद्ध पूर्व में भी आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस रोडवेज स्थित देशी शराब की दुकान की संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *