आजमगढ़ में शिक्षक एमएलसी चुनाव से पहले 2.41 लाख रुपये और प्रचार सामग्री बरामद, चार लोग हिरासत में

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़।गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 को लेकर लागू आदर्श आचार संहिता के बीच आजमगढ़ में उड़नदस्ता टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। सिधारी थाना क्षेत्र के दौलतपुर पुलिया पर चेकिंग के दौरान एक कार से 2 लाख 41 हजार 500 रुपये नकद और भारी मात्रा में चुनाव प्रचार सामग्री बरामद की गई। इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।आपको बता दे की 22 अक्टूबर को देर रात उपजिलाधिकारी सदर अविनाश गौतम के नेतृत्व में फ्लाइंग स्क्वायड टीम दौलतपुर पुलिया पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की किआ सेल्टोस कार (UP54AX2379) को रोककर तलाशी ली गई। कार की बीच वाली सीट पर रखे पांच सफेद झोलों से चुनाव प्रचार के पंपलेट, हैंडबिल, वोटर स्लिप, बैलेट पेपर के प्रतिरूप और विभिन्न अध्यापकों की मतदाता सूचियां बरामद हुईं।पुलिस के अनुसार, पकड़े गए लोगों ने पूछताछ में रुपये लिफाफों में रखकर बांटने जाने की बात बताई। मामले में थाना सिधारी में मुकदमा संख्या 431/2026 के तहत धारा 173 बीएनएस और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 123(1) में मुकदमा दर्ज किया गया है। हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान सुभाष सिंह और शिवगोविन्द सिंह निवासी मऊ, राजेश कुमार पाण्डेय निवासी सिधारी तथा शिवमोहन सिंह निवासी समेदा, आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने नकदी के अलावा कार और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *