

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी, दबंगई और यातायात नियमों के उल्लंघन का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ आजमगढ़ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया है।पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक मोटरसाइकिल से स्टंटबाजी करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करता दिखाई दे रहा था। वीडियो की जांच के बाद युवक की पहचान 24 वर्षीय निखिल वर्मा पुत्र बृजपाल सेठ, निवासी पुरानी कोतवाली, थाना कोतवाली, आजमगढ़ के रूप में हुई।थाना कोतवाली पुलिस ने 25 अगस्त को युवक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ आवश्यक निरोधात्मक एवं विधिक कार्रवाई की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर दबंगई, स्टंटबाजी या गैंग संस्कृति का प्रदर्शन कर आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय, उपनिरीक्षक सागर कुमार रंगू (साइबर प्रभारी) और कांस्टेबल नीरज कुमार (साइबर टीम) शामिल रहे।
