

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। शहर की प्रमुख सड़कों में शामिल भंवरनाथ रोड इन दिनों बदहाली का शिकार है। पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़क निर्माण का कार्य शुरू किए जाने के बाद कुछ दूरी तक सड़क बनाई गई थी, लेकिन बरसात के दौरान सड़क के क्षतिग्रस्त होने और गुणवत्ता को लेकर लोगों के विरोध के बाद सड़क को दोबारा उखाड़ दिया गया। इसके बाद सड़क पर गिट्टी डालकर काम अधूरा छोड़ दिए जाने से अब राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क की स्थिति पिछले कुछ समय से बेहद खराब है। जगह-जगह गड्ढे और बिखरी गिट्टियों के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए आवागमन बेहद जोखिम भरा हो गया है। लोगों का कहना है कि आए दिन राहगीर असंतुलित होकर गिर जाते हैं और कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं।स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि बरसात के दिनों में सड़क पर पानी और कीचड़ की समस्या बनी रहती है, जबकि मौसम साफ होने पर वाहनों के गुजरने से उड़ने वाली धूल परेशानी का कारण बनती है। इससे दुकानदारों के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।राहगीरों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य अधूरा होने से रोजाना हजारों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए गड्ढों और गिट्टियों से भरी सड़क दुर्घटना का खतरा बढ़ा रही है। स्थानीय लोगों ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से मांग की है कि सड़क की स्थिति का तत्काल निरीक्षण कराकर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाए, ताकि राहगीरों और दुकानदारों को राहत मिल सके। लोगों का कहना है कि लंबे समय से अधूरे पड़े निर्माण के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है और अब उन्हें सड़क के शीघ्र निर्माण का इंतजार है।
