

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए अपने स्थान पर सॉल्वर बैठाकर परीक्षा दिलाने के मामले में मेहनाजपुर पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के बाद हिरासत में लेकर उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।मामला 30 अक्टूबर 2025 का है। गांधी इंटर कॉलेज कूबा, आजमगढ़ में डीएलएल तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान अनुक्रमांक 7090142259 पर हवलदार यादव के स्थान पर फर्जी परीक्षार्थी मोनू यादव परीक्षा देते हुए पकड़ा गया था। चेकिंग के दौरान फर्जी परीक्षार्थी आधार कार्ड दिखाने से पहले विद्यालय की बाउंड्री फांदकर भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों और विद्यालय स्टाफ ने उसे पकड़ लिया था।इस मामले में थाना मेहनाजपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने परीक्षा में सॉल्वर बैठाने के आरोपी हवलदार यादव पुत्र राजेन्द्र यादव, निवासी ग्राम भेडियाधर, थाना चिरैयाकोट, जनपद मऊ को 25 अगस्त 2026 को करीब 11:10 बजे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक आरोपी ने सरकारी नौकरी प्राप्त करने के उद्देश्य से अपने स्थान पर सॉल्वर बैठाकर परीक्षा दिलाई थी। आरोपी के खिलाफ थाना मेहनाजपुर में मु0अ0सं0-107/2025, धारा 338/336(3)/340(2)/61(2) बीएनएस एवं 3/6/10 उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 1998 के तहत मुकदमा दर्ज है।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार पाल और रिजर्व कांस्टेबल पंकज यादव शामिल रहे।
