अंतरराष्ट्रीय मातृ दिवस की पूर्व संध्या पर नारी शक्ति संस्थान ने किया मातृ शक्ति सम्मान 2026 का आयोजन

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नारी शक्ति संस्थान द्वारा अंतरराष्ट्रीय मातृ दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को “अभिनंदन हर मां को, सम्मान हर नारी को” कार्यक्रम के तहत मातृ शक्ति सम्मान 2026 का आयोजन संस्था के केंद्रीय कार्यालय, मुहल्ला सीताराम आजमगढ़ स्थित सभागार में किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ शक्ति की प्रतीक मां दुर्गा के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था की संरक्षक डॉ. नेहा दुबे ने की, जबकि संचालन अनिता श्रीवास्तव ने किया।इस अवसर पर उन मातृ शक्तियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने विषम परिस्थितियों में भी हार न मानते हुए अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन किया और परिवार को सामाजिक व शैक्षणिक रूप से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस वर्ष मातृ शक्ति सम्मान 2026 से उषा बरनवाल, अमरावती राय, किरन गोंड़, दुर्गा देवी एवं चिंतामणि को सम्मानित किया गया। संस्था की सचिव डॉ. पूनम तिवारी ने कहा कि सम्मानित माताओं ने परिवार और समाज दोनों के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वहीं संस्था अध्यक्ष मंजू उपाध्याय ने कहा कि यह आयोजन अन्य महिलाओं को प्रेरित करने और कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने का संदेश देने के उद्देश्य से किया जाता है। कार्यक्रम के अंत में डॉ. नेहा दुबे ने उपस्थित सभी महिलाओं का आभार व्यक्त किया। इस दौरान डॉ. प्रीति गुप्ता, सुषमा बरनवाल, रश्मि डालमिया, संजू चौधरी, आस्था राय, अनिता आलोक श्रीवास्तव, नीता बरनवाल समेत संस्था की कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *