




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ पुलिस के तहत थाना तहबरपुर क्षेत्र में 9 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसे उपचार के लिए सीएचसी तहबरपुर भेजा गया।पुलिस के अनुसार 9 मई को थाना तहबरपुर क्षेत्र की एक 9 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी, जिसमें बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। मामले में आरोपी नखडू उर्फ साहब पुत्र बेचन निवासी महुवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लगातार दबिश दी जा रही थी।रविवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रैसिंहपुर से मंझारी बाजार की ओर जा रहा है। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की नियंत्रित फायरिंग से आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई।घायल आरोपी की पहचान नखडू उर्फ साहब (20 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और 820 रुपये नकद बरामद किए हैं।मामले में थाना तहबरपुर पर आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
