कबाड़ से बनाई इलेक्ट्रिक साइकिल,आजमगढ़ के जब्बर मिस्त्री का देसी जुगाड़ बना चर्चा का विषय

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। कहते हैं हुनर और मेहनत हो तो कबाड़ भी कमाल कर सकता है। इसका जीता-जागता उदाहरण आजमगढ़ जिले में देखने को मिला,जहां सर्वन कुमार उर्फ जब्बर मिस्त्री ने कबाड़ की पुरानी साइकिल को शानदार इलेक्ट्रिक साइकिल में बदल दिया। अब उनके इस देसी जुगाड़ की चर्चा पूरे इलाके में तेजी से हो रही है। जब्बर मिस्त्री द्वारा तैयार की गई यह इलेक्ट्रिक साइकिल लगभग 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती है। खास बात यह है कि इसे केवल 2 से 3 घंटे चार्ज करने पर यह करीब 70 से 80 किलोमीटर तक चल जाती है। इस साइकिल को बनाने में करीब 25 से 30 हजार रुपये का खर्च आया। समाचार आजमगढ़ संवाददाता से जब्बर मिस्त्री ने बताया कि पहले वह सामान्य साइकिल से मिस्त्री का काम करने जाते थे। रोज लंबी दूरी तय करने में काफी समय और मेहनत लगती थी। ऐसे में उन्होंने कुछ नया करने की ठानी। उन्होंने यूट्यूब पर इलेक्ट्रिक साइकिल बनाने का वीडियो देखा और फिर कबाड़ की दुकान से पुरानी साइकिल खरीद ली। इसके बाद बाहर से बैटरी, मोटर, केबल और लाइट मंगाकर अपनी मेहनत और तकनीकी समझ से इसे इलेक्ट्रिक साइकिल का रूप दे दिया। उन्होंने बताया कि अब इस इलेक्ट्रिक साइकिल की मदद से उनका समय बचता है और वह पहले की तुलना में ज्यादा काम कर पाते हैं। पेट्रोल के बढ़ते दामों के बीच यह देसी जुगाड़ लोगों के लिए प्रेरणा बन रहा है। स्थानीय लोग भी जब्बर मिस्त्री की इस अनोखी सोच और मेहनत की जमकर तारीफ कर रहे हैं। आजमगढ़ में यह इलेक्ट्रिक साइकिल आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *