



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी के नेता श्याम सुंदर चौहान ने रविवार को शहर से सेट शेखपुरा गांव स्थित अपने आवास पर प्रेसवार्ता कर जनपद के देवगांव थाना क्षेत्र के तिरौली गांव निवासी जगरनाथ पुत्र रामस्वरूप की भूमिधरी जमीन पर अवैध कब्जा और निर्माण कराए जाने का आरोप लगाते हुए पीड़ित को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। भाजपा नेता ने बताया कि जगरनाथ पुत्र रामस्वरूप की भूमिधरी आराजी संख्या 550 पर गांव के कुछ लोगों द्वारा जबरन कब्जा किया जा रहा है। पीड़ित के अनुसार मामले को लेकर दीवानी न्यायालय में वाद संख्या 1083 बटा 2024 “जगरनाथ बनाम महेन्द्र व अन्य” विचाराधीन है, जिसमें न्यायालय सिविल जज कोर्ट संख्या-18 द्वारा संबंधित भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण या कार्य करने पर स्थगन आदेश जारी किया गया है। इसके बावजूद विपक्षीगण धर्मवीर चौहान पुत्र अमरचंद आदि द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है। पीड़ित जगरनाथ का आरोप है कि थाना देवगांव पर कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने यह भी कहा कि उपजिलाधिकारी लालगंज को स्थगन आदेश के साथ प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिस पर एसडीएम ने न्यायालय के आदेश के अनुपालन में कार्रवाई करने के निर्देश दिए, लेकिन स्थानीय पुलिस द्वारा आदेशों का पालन नहीं कराया जा रहा है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि कुछ दबंग लोग गांवसभा की जमीन पर भी निर्माण करा लेखपाल की स्पष्ट आख्या के बावजूद पुलिस सहयोग से निर्माण कार्य जारी है, जिससे कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। भाजपा नेता श्याम सुंदर चौहान का कहना है कि पीड़ित ने उप जिलाधिकारी जिलाधिकारी मंडलायुक्त और पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मांग की है कि थानाध्यक्ष देवगांव को निर्देशित कर न्यायालय के स्थगन आदेश का पालन सुनिश्चित कराने तथा भूमिधरी एवं सरकारी जमीन पर हो रहे निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाने की मांग की लेकिन अभी तक निर्माण कार्य को रोक नहीं गया है। प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा नेता ने पीड़ित को न्याय का भरोसा दिलाया कहा की इसके लिए अगर उन्हें मुख्यमंत्री जी से मिलना पड़ेगा तो मिलकर न्याय दिलाएंगे।
