



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले की रानी की सराय थाना पुलिस ने अर्द्ध सैनिक बल में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर ठगी करने वाले तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई दिलौरी खेल मैदान के पास से की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार, राकेश यादव और प्रदीप यादव के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार आरोपित युवाओं को अर्द्ध सैनिक बल में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूलते थे। इसके लिए फर्जी निवास प्रमाण पत्र समेत अन्य दस्तावेज तैयार किए जाते थे। मामले में 20 मई 2026 को थाना रानी की सराय में मुकदमा दर्ज किया गया था।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वे लंबे समय से लोगों को नौकरी का लालच देकर ठगी कर रहे थे।पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
