


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ के कप्तानगंज के बाद बड़सरा खालसा में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष व एमएलसी विजय बहादुर पाठक के आवास पर उनके पिता स्व. राधेश्याम पाठक को श्रद्धांजलि देने पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मतदाता सूची (SIR) के मुद्दे पर सपा द्वारा उठाए जा रहे सवालों को अनर्गल बताते हुए कहा कि विपक्ष नियम-कानून का पालन नहीं कर रहा है। मौर्य ने स्पष्ट किया कि अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची से केवल मृत, स्थानांतरित या संदिग्ध लोगों के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिनका नाम छूट गया है, उनके लिए फॉर्म-6 के जरिए नाम जुड़वाने और फॉर्म-7 व 8 से संशोधन/विलोपन की सुविधा उपलब्ध है। इसके बावजूद सपा संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है और अपने कार्यकर्ताओं को प्रक्रिया में सहयोग करने के बजाय भ्रम फैला रही है।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा एक मजबूत संगठन है और बूथ स्तर तक सक्रिय है। जहां-जहां भाजपा समर्थकों के नाम कटे हैं, वहां कार्यकर्ता उन्हें दोबारा जुड़वाने का काम करेंगे। धुरंधर पोस्टर विवाद पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी जैसे अपराधियों को किसने संरक्षण दिया, यह जनता भली-भांति जानती है।महिला आरक्षण पर कांग्रेस को घेरते हुए उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला आरक्षण लागू किया गया। ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाओं से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है।पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने दावा किया कि वहां भी भाजपा का कमल खिलेगा। वहीं ओम प्रकाश राजभर के सीट मांगने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह गठबंधन का मामला है और समय आने पर निर्णय लिया जाएगा।
