आजमगढ़ हाईवे किनारे खड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। गम्भीरपुर थाना पुलिस ने हाईवे किनारे खड़े ट्रकों और अन्य भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले अन्तर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिकअप वाहन, कूटरचित नंबर प्लेट, डीजल चोरी करने के उपकरण, 50 लीटर डीजल, 14 खाली जरीकेन और 9,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया की 2 अक्टूबर की रात ग्राम थनौली के पास प्रधान बिल्डिंग मैटेरियल के सामने खड़े ट्रक से करीब 150 लीटर डीजल चोरी किया गया था। मामले में गम्भीरपुर थाने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।इसी क्रम में 5 अक्टूबर को पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रोहुआ तिराहे पर सूचना मिली कि डीजल चोरी करने वाला गिरोह पिकअप में जरीकेन और चोरी के उपकरण लेकर बरवां मोड़ हाईवे के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर पिकअप सवार चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस जांच में पिकअप पर लगी नंबर प्लेट UP54AT7843 कूटरचित पाई गई। जांच में यह नंबर एक ई-रिक्शा के नाम पंजीकृत मिला, जबकि चेसिस नंबर से पिकअप का वास्तविक नंबर UP54AT7343 सामने आया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जांच में कई पुराने मुकदमे भी सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और सदस्यों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *