

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। निजामाबाद पुलिस ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर शस्त्र लाइसेंस और अन्य सरकारी लाभ हासिल करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने मुंबई में दबिश देकर 42 वर्षीय इबराक खान पुत्र इमदाद खान को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से लाइसेंसी 32 बोर का रिवाल्वर, 33 जिंदा कारतूस और 2 खोखा कारतूस के साथ आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि 29 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि निजामाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर निवासी मिर्जा अयाज बेग और उसके सहयोगियों द्वारा बाहरी लोगों को गांव का निवासी दर्शाकर फर्जी पते और कूटरचित दस्तावेज तैयार कराए जाते हैं। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर शस्त्र लाइसेंस समेत अन्य सरकारी लाभ दिलाने के बदले मोटी रकम लिए जाने का आरोप है। जांच में सामने आया कि मुंबई के अंधेरी वेस्ट में रहने वाले इबराक खान के नाम पर ग्राम मिर्जापुर के पते से परिवार रजिस्टर, विद्यालय अभिलेख समेत अन्य दस्तावेज तैयार कराए गए। इन्हीं अभिलेखों के आधार पर वर्ष 2010 में शस्त्र लाइसेंस संख्या 315/2010 जारी कराया गया था।पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 245/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए निजामाबाद पुलिस की टीम मुंबई पहुंची और ओशिवरा थाना पुलिस के सहयोग से दबिश देकर इबराक खान को गिरफ्तार किया। जांच में कई अहम खुलासेजांच के दौरान शाहिद मोहम्मद खान के नाम भी वर्ष 2010 में ग्राम मिर्जापुर के पते से शस्त्र लाइसेंस संख्या 314/2010 जारी होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को दोनों के नाम SIR वोटर लिस्ट-2026 में भी मिर्जापुर के पते पर दर्ज मिले, जबकि ग्राम प्रधान की रिपोर्ट, परिवार रजिस्टर और अन्य अभिलेखों के अनुसार दोनों गांव के निवासी नहीं पाए गए। पुलिस जांच में मिर्जा अयाज बेग की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि वह बाहरी लोगों को मिर्जापुर का निवासी दर्शाकर कूटरचित दस्तावेज तैयार कराने और शस्त्र लाइसेंस व अन्य सरकारी लाभ दिलाने में सहयोग करता था। जांच में अयाज बेग, उसकी पत्नी, पुत्र और भाइयों समेत परिवार से जुड़े कुल 8 शस्त्र लाइसेंस होने की जानकारी भी सामने आई है। मुंबई में गिरफ्तार इबराक खान को बांद्रा न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लिया गया, जिसके बाद 4 अक्टूबर को उसे निजामाबाद लाया गया। पुलिस अब मामले में सामने आए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
