

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। आजमगढ़-जौनपुर मार्ग पर गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिंघड़ा गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार की रात करीब नौ बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची गंभीरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।बरदह थाना क्षेत्र के बेला खास गांव निवासी आनंद सिंह (30) पुत्र स्व. अवधू सिंह रविवार को आवश्यक कार्य से आजमगढ़ गए थे। रात करीब नौ बजे वह वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह आजमगढ़-जौनपुर मार्ग पर सिंघड़ा गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आनंद के सिर में गंभीर चोट आई और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।घटना की जानकारी मिलते ही गंभीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।परिजनों के मुताबिक आनंद सिंह पानी सप्लाई का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।मृतक चार भाई मे तीसरे नम्बर पर थे।उनकी मौत की खबर मिलते ही पत्नी अंजली सिंह समेत परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पीछे पत्नी और करीब एक वर्ष की मासूम बच्ची है। हादसे ने परिवार पर दुखों का पहाड़ खड़ा कर दिया है।
