

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। लालगंज तहसील क्षेत्र के मेहनाजपुर कटिली कला गांव में जमीन और मकान के बंटवारे को लेकर विवाद सामने आया है। गांव निवासी अकमल खान पुत्र सरफुद्दीन खान ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर प्रधान प्रतिनिधि शहाबुद्दीन पुत्र अली शेर पर दबंगई के बल पर बंटवारे में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाया है।प्रार्थी का आरोप है कि गाटा संख्या 316, 318 और 322 की जमीन राजस्व अभिलेखों में उनके और सहखातेदारों के नाम दर्ज है। तीन पट्टीदार आपसी सहमति से जमीन और मकान का बंटवारा करना चाहते हैं, लेकिन शहाबुद्दीन द्वारा लगातार विवाद खड़ा किया जा रहा है।अकमल खान का आरोप है कि उपजिलाधिकारी लालगंज और जिलाधिकारी द्वारा मौके पर पैमाइश कराकर विवाद का निस्तारण करने के निर्देश दिए जाने के बावजूद राजस्व विभाग के कर्मचारी मामले को निस्तारित नहीं कर रहे हैं। आरोप है कि लेखपाल द्वारा आईजीआरएस शिकायतों पर भ्रामक रिपोर्ट लगाई गई। एक रिपोर्ट में मौके पर पानी भरा होने और दूसरी रिपोर्ट में सभी हिस्सेदारों के बंटवारे के लिए सहमत नहीं होने की बात कही गई, जबकि प्रार्थी का दावा है कि मौके पर ऐसी कोई स्थिति नहीं थी।प्रार्थी के मुताबिक सफुद्दीन, मोअज्जम अली और मुबारक खान बंटवारे के लिए तैयार हैं, लेकिन केवल शहाबुद्दीन के विरोध के कारण मामला लंबित है। उन्होंने राजस्व कर्मियों पर मिलीभगत कर गलत रिपोर्ट लगाने का भी आरोप लगाया है।पीड़ित ने जिलाधिकारी से मांग की है कि खतौनी के आधार पर मकान, जमीन और बरदौरी सहित संपत्ति का हिस्से के मुताबिक पुलिस एवं राजस्व विभाग की मौजूदगी में बंटवारा कराया जाए, ताकि लंबे समय से चल रहे विवाद का समाधान हो सके और किसी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।फिलहाल प्रार्थी ने जिलाधिकारी से मामले में निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई और मौके पर बंटवारा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
