आजमगढ़ में AIMIM नेता के बेटे का संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, इलाके में सनसनी

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। शहर के बाजबहादुर स्थित कोट किला मोहल्ले में बुधवार की सुबह करीब छह बजे 21 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान औरंगजेब उर्फ उमर पुत्र अब्दुल्ला के रूप में हुई। उसके पिता अब्दुल्ला एआईएमआईएम के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी हैं। उन्होंने वर्ष 2022 में गोपालपुर विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी के रूप में चुनाव भी लड़ा था। पार्टी नेता के बेटे की मौत की खबर मिलते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खलबली मच गई। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के साथ ही पोस्टमार्टम हाउस भी पहुंच गए।जानकारी के मुताबिक, औरंगजेब का बिलरियागंज चुंगी के पास आवास है, जबकि उसके मामा का घर कोट किला मोहल्ले में है। मंगलवार की शाम वह दोस्तों के साथ लखनऊ घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद बुधवार की सुबह उसका शव मामा के घर के समीप सड़क पर मिला। लखनऊ जाने की बात कहकर निकले युवक का आखिरकार तड़के बाजबहादुर में शव कैसे पहुंचा, यह परिजनों के लिए भी पहेली बना हुआ है।परिजनों के मुताबिक, औरंगजेब पहले दो बार दुबई जा चुका था। करीब एक सप्ताह बाद उसे फिर दुबई जाना था, जहां वह रोजगार करने की योजना बना रहा था। इसी वजह से परिजनों ने उसे एक दिन के लिए लखनऊ घूमने जाने की अनुमति दी थी। हालांकि, वह किन दोस्तों के साथ लखनऊ जाने वाला था, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं हो सकी। परिजनों का कहना है कि उसके शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान भी नहीं दिखाई दे रहे थे। ऐसे में उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर परिवार असमंजस में है।औरंगजेब चार भाइयों में सबसे बड़ा था। करीब एक वर्ष पहले ही उसकी शादी हुई थी और कुछ दिन पहले उसके घर में बच्चे का जन्म हुआ था। परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन अचानक हुई इस घटना से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि नियमानुसार पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *