आजमगढ़ में सम्राट पृथ्वीराज चौहान की जयंती पर भव्य समारोह, हजारों लोगों की भागीदारी

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। वीरता, शौर्य और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक माने जाने वाले अंतिम हिंदू सम्राट पृथ्वीराज चौहान की जयंती के अवसर पर जनपद में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट कचहरी स्थित नेहरू हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में समाज के लोगों, महिलाओं और राष्ट्रभक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।आम जनता पार्टी (सोशलिस्ट) के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह का संचालन मेजर सुरेश सिंह चौहान ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अनिल चौहान ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष धर्मराज चौहान और विशिष्ट अतिथि के रूप में एडवोकेट राजेश सिंह चौहान तथा कमलेश सिंह कुशवाहा उपस्थित रहे।मुख्य अतिथि धर्मराज चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान ने अपने पराक्रम और तीर-कमान के बल पर मजबूत शासन स्थापित किया था। उन्होंने वर्तमान समय में उनके वंशजों की उपेक्षा पर चिंता जताते हुए कहा कि आम जनता पार्टी (सोशलिस्ट) समाज के प्रत्येक व्यक्ति को मुख्यधारा में लाने और उनके अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक गतिविधियां भी देखने को मिलीं, जहां शेखर चौहान ने जनवादी पार्टी छोड़कर आम जनता पार्टी (सोशलिस्ट) की सदस्यता ग्रहण की।इस अवसर पर चौहान समाज के लोगों ने सम्राट पृथ्वीराज चौहान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। आयोजन ने सामाजिक एकजुटता के साथ-साथ आगामी राजनीतिक दिशा के संकेत भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *