

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के जरिए 5.75 लाख रुपये का लोन पास कराकर धनराशि हड़पने के आरोप में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अशोक गोंड उर्फ राहुल गोंड (29) पुत्र राधेश्याम गोंड, निवासी रैदोपुर, थाना कोतवाली, आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय भेज दिया।पुलिस के अनुसार, वादी विजय शंकर यादव निवासी हैदराबाद उर्फ छतवारा, पोस्ट चण्डेश्वर, थाना सिधारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने वाहन की आरसी (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) के हस्तांतरण के लिए फर्जी नो ड्यूज सर्टिफिकेट तैयार किया और उनके नाम पर 5.75 लाख रुपये का लोन पास कराकर धनराशि हड़प ली। शिकायत के आधार पर थाना सिधारी में मुकदमा संख्या 315/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिधारी पुलिस ने कार्रवाई की। अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक और क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक मनीष मिश्रा पुलिस टीम के साथ मामले की जांच और आरोपी की तलाश में जुटे थे।इसी क्रम में 28 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सुरजनपुर गांव से आरोपी अशोक गोंड उर्फ राहुल गोंड को रात करीब 8:15 बजे गिरफ्तार कर लिया।इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारीगिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनीष मिश्रा, हेड कांस्टेबल भास्करानंद सिंह और हेड कांस्टेबल आफताब अहमद शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
