

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के तहबरपुर थाना क्षेत्र में फर्जी मदरसा संचालित कर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर सरकारी अनुदान प्राप्त करने के प्रयास के मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अंसार अहमद (58 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय अजीज अहमद निवासी ग्राम नेवादा, थाना तहबरपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, 10 फरवरी 2025 को राज्य विशेष अपराध अनुसंधान (EOW), मुख्यालय लखनऊ के निरीक्षक एवं जांच अधिकारी कुंवर ब्रह्म प्रकाश सिंह की ओर से प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि अस्तित्वहीन मदरसा इस्लामिया अंसारूल उलूम, नेवादा बीबीपुर के नाम पर आपराधिक षड्यंत्र के तहत धोखाधड़ी की गई। इसके लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उन्हें असली के रूप में इस्तेमाल करते हुए सरकारी धनराशि एवं अनुदान प्राप्त कर गबन करने का प्रयास किया गया।इस मामले में धारा 409, 420, 467, 468 और 471 भादवि के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। बाद में विवेचना थाना तहबरपुर स्थानांतरित कर दी गई, जिसकी जिम्मेदारी उपनिरीक्षक दशरथ उपाध्याय को सौंपी गई थी।इसी क्रम में 17 नवंबर 2026 को उपनिरीक्षक दशरथ उपाध्याय पुलिस टीम के साथ वांछित अभियुक्त की तलाश में क्षेत्र में मौजूद थे। मुखबिर से सूचना मिली कि अभियुक्त अपने घर ग्राम नेवादा में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सुबह करीब 10:50 बजे उसके घर के दरवाजे से अंसार अहमद को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दशरथ उपाध्याय, कांस्टेबल किशन मिश्रा और कांस्टेबल बृजेश कुमार शामिल रहे।नोट: पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट में पंजीकृत अभियोग के विवरण में थाना निजामाबाद का उल्लेख है, जबकि गिरफ्तारी थाना तहबरपुर पुलिस द्वारा की गई है।
