आजमगढ़ पुलिस का दबदबा! वाहन चेकिंग अभियान में वाराणसी जोन में शानदार प्रदर्शन

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

9,151 वाहनों की जांच, 2,309 बिना हेलमेट और 548 तीन सवारी के चालान, 60 वाहन सीज

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा के निर्देशन में सोमवार को वाराणसी जोन के सभी नौ जनपदों में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। शाम 4 बजे से 6 बजे तक चले इस दो घंटे के अभियान में आजमगढ़ पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई प्रमुख श्रेणियों में जोन में सर्वश्रेष्ठ स्थान हासिल किया। अभियान के दौरान वाराणसी जोन के नौ जनपदों में कुल 34,355 वाहनों की चेकिंग की गई। इसमें 9,988 वाहन चालकों का बिना हेलमेट के चालान किया गया, जबकि दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले 2,779 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके अलावा 188 वाहनों को सीज किया गया और कुल 22 लाख 85 हजार 700 रुपये का शमन शुल्क वसूल किया गया। जनपद वार आंकड़ों के अनुसार आजमगढ़ में सबसे अधिक 9,151 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान बिना हेलमेट के 2,309 चालान और तीन सवारी के 548 चालान किए गए। साथ ही 60 वाहनों को सीज किया गया। वाहन चेकिंग के प्रमुख आंकड़ों में आजमगढ़ पुलिस का प्रदर्शन जोन में सबसे बेहतर रहा। विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। वहीं जौनपुर में 6,805 वाहनों की जांच कर 2,714 बिना हेलमेट और 346 तीन सवारी के चालान किए गए। मऊ में 4,687 वाहनों की चेकिंग के दौरान 1,683 बिना हेलमेट और 437 तीन सवारी के चालान हुए। बलिया में 2,730 वाहनों की जांच कर 640 बिना हेलमेट और 261 तीन सवारी के चालान किए गए। गाजीपुर में 2,932 तथा चंदौली में 2,229 वाहनों की जांच की गई। इसके अलावा मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही में भी व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी न बैठाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया।अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोरा ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वाराणसी जोन पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *