

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मनियारपुर गांव के समीप गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर सोमवार दोपहर करीब तीन बजे दो ट्रेलरों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि पीछे चल रहे ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार खलासी केबिन के अंदर ही फंस गया। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद खलासी को बचाया नहीं जा सका और उसकी मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों ट्रेलर गोरखपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पिलर संख्या 59.700 के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर संख्या UP 21 DT 4474 ने आगे चल रहे ट्रेलर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाले ट्रेलर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठा खलासी अंदर बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद दोनों ट्रेलरों के चालक मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल, फायर ब्रिगेड की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। केबिन में फंसे खलासी को बाहर निकालने के लिए घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। अतरौलिया थाना अध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। हालांकि देर शाम तक चले प्रयासों के बाद केबिन में फंसे युवक की मौत हो गई।यूपीडा के गश्ती दल अधिकारी चंद्रभान सिंह ने मृतक की पहचान मोनू पठान पुत्र अफजाल, उम्र लगभग 30 वर्ष, निवासी तारिक नगर, थाना मुंझेला, जनपद मुरादाबाद के रूप में की। उन्होंने बताया कि गोरखपुर की तरफ जा रहे दो ट्रेलरों की भिड़ंत में एक व्यक्ति केबिन में फंस गया था, जिसकी मौत हो चुकी है।हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।
