



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। शहर के एक होटल में शुक्रवार को मुकेश साहनी की अगुआई में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सम्मेलन के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में मुकेश सहनी ने भाजपा और संजय निषाद पर जमकर निशाना साधा।मुकेश सहनी ने कहा कि वह पिछले 11 वर्षों से उत्तर प्रदेश में निषाद आरक्षण की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी लड़ाई की वजह से भाजपा ने बिहार में उनके विधायकों को तोड़ लिया। उन्होंने कहा कि संजय निषाद हों या मुकेश सहनी, कोई भी नेता अपने दम पर नहीं बना, बल्कि निषाद समाज के समर्थन से राजनीति में आगे बढ़ा है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में वह पहली बार उत्तर प्रदेश आए थे और 2021 में मजबूती से संगठन खड़ा करने का काम शुरू किया। इसके बाद संजय निषाद भाजपा के साथ चले गए। सहनी ने आरोप लगाया कि भाजपा अब संजय निषाद की राजनीतिक जमीन खत्म करने की तैयारी में है और 2027 के चुनाव में उन्हें पूरी तरह किनारे कर दिया जाएगा।वीआईपी प्रमुख ने घोषणा की कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में संगठन को तेजी से मजबूत कर रही है और आगामी विधानसभा चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ा जाएगा। उन्होंने संजय निषाद को बड़ा भाई बताते हुए कहा कि उन्हें समाज के हक और अधिकार की लड़ाई लड़नी चाहिए।मुकेश सहनी ने ऐलान किया कि 25 जुलाई से वीआईपी की 101 दिन की यात्रा शुरू होगी, जिसके जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने संजय निषाद को खुली चुनौती देते हुए कहा कि छह महीने के भीतर भाजपा से निषाद समाज को आरक्षण दिलाएं, अन्यथा भाजपा छोड़कर इंडिया गठबंधन में शामिल हो जाएं। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा होता है तो नेतृत्व भी वही करेंगे।उन्होंने यह भी कहा कि आगामी चुनाव में पार्टी को जितनी भी सीटें मिलेंगी, उनमें 90 प्रतिशत टिकट निषाद समाज के लोगों को दिए जाएंगे। भाजपा पर हमला बोलते हुए सहनी ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य जनता की भलाई नहीं, बल्कि सिर्फ सत्ता हासिल करना है। उन्हें आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजा राम बिंद, पूर्व मंत्री अच्छेलाल निषाद, रमेश केवट, राजेश निषाद और प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेश निषाद समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
