

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के जमीन अगया गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में दो महिलाएं और एक युवक घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष की शशिकला चौबे पत्नी धर्मेंद्र चौबे ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर रामप्रसाद चौबे, उनके पुत्र चंदन, रोशन और अंकिल लाठी-डंडा, कुल्हाड़ी व अन्य हथियारों के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने घर का ताला तोड़ने का प्रयास किया। विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट की गई। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची संतरा देवी पत्नी सुरेंद्र प्रसाद भी हमले में घायल हो गईं। परिजनों का आरोप है कि उनके सिर पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। साथ ही उनके गले का मंगलसूत्र और पैर की पायल छीन लेने का भी आरोप लगाया गया है।पीड़ित पक्ष के इंद्रजीत चौबे का कहना है कि विवादित मकान की रजिस्ट्री वर्ष 2024 में उनके पक्ष में हुई थी और वे लंबे समय से उस पर काबिज हैं। उनका आरोप है कि विपक्षियों ने बाद में कथित रूप से फर्जी तरीके से दूसरी रजिस्ट्री कराकर मकान पर कब्जे का प्रयास किया। घटना के समय घर के पुरुष सदस्य बाहर थे, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग घर का ताला तोड़ते और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि थाना अतरौलिया से एक वीडियो संज्ञान में आया था, जिसमें कुछ महिलाएं मकान पर कब्ज़ा करने का प्रयास कर रही थीं। इसमें जब मौके पर थाना अतरौलिया की पुलिस मौके पर पहुँच कर जाँच की गई, तो इसमें पता चला कि दो पक्षों में मकान की कब्ज़ेदारी को लेकर विवाद है। एक पक्ष द्वारा कहा जा रहा है कि उसने इसमें स्टाम्प पे अपने नाम कराया है मकान और वही कब्ज़ा करने का प्रयास कर रहा था, जबकि विपक्ष ने उसपे अपना भी हक़ जमाया है। अवैध रूप से कब्ज़ा करने के संबंध में और मारपीट, गाली-गलौज के संबंध में मुक़दमा थाना अतरौलिया पर दर्ज़ कर लिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
