अतरौलिया में अधूरी और जर्जर सड़क से लोग परेशान, SDM को सौंपा ज्ञापन

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया,आजमगढ़ । नगर पंचायत अतरौलिया के वार्ड खानपुर फतेह निवासी लंबे समय से अधूरी और जर्जर सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं। सड़क निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से नाराज स्थानीय लोगों ने तहसील पहुंचकर उप जिलाधिकारी बुढ़नपुर को शिकायती पत्र सौंपते हुए जल्द निर्माण कराने की मांग की।नगरवासियों का आरोप है कि लगभग एक वर्ष पूर्व नाली निर्माण का कार्य ऊंचाई पर कराया गया था, जिससे बरसात और घरेलू पानी लोगों के घरों तक पहुंचने लगा। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद नगर पंचायत द्वारा बुधनीय रोड की सड़क को ऊंचा करने के लिए करीब पांच माह पहले पूरे मार्ग पर बोल्डर डाल दिए गए, लेकिन इसके बाद सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं कराया गया।ग्रामीणों और नगरवासियों का कहना है कि सड़क पर केवल बोल्डर पड़े होने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। स्थिति यह है कि वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सड़क से गुजरने वाले वाहनों के कारण उड़ने वाली धूल लोगों के घरों में भर रही है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ रही हैं। वहीं, वाहनों के टायरों से उछलने वाले पत्थरों से कई बच्चे घायल भी हो चुके हैं।समाजसेवी राजाराम सिंह, राहुल मिश्रा, अमित कुमार गौड़, इंतजार अहमद, बृजेश प्रजापति, मनोज सोनी समेत बड़ी संख्या में लोगों ने तहसील पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और शीघ्र सड़क निर्माण कराए जाने की मांग की। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *