

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने विभिन्न निर्वाचन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।डीएम-एसएसपी ने पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल दुर्गाजी पीजी कॉलेज, चण्डेश्वर तथा मतगणना स्थल एफसीआई गोदाम चकवल एवं बेलइसा का निरीक्षण किया। इस दौरान भवन एवं परिसर की स्थिति, सड़क मरम्मत, मूलभूत सुविधाएं, परिसर की सुरक्षा, प्रवेश-निकास व्यवस्था और निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन से जुड़ी सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं। निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव और उसके आवागमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने के साथ ही चिन्हित स्थलों का नियमित निरीक्षण करने को कहा गया।वहीं, एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने महत्वपूर्ण निर्वाचन स्थलों पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी, प्रवेश-निकास प्रबंधन और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को कमियों का समय रहते निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
