पुलिस मुठभेड़ में पूजा पाठ के नाम पर लोगों से ठगी करने वाला टप्पेबाज पिंटू हुआ घायल, ठगी के जेवरात और नगदी बरामद

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अन्तरजनपदीय टप्पेबाज को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया अभियुक्त पूजा-पाठ के बहाने महिलाओं से सोने के जेवरात ठगने का शातिर अपराधी है। आपको बता दे की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह तथा क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण में दिनांक 27 दिसंबर 2025 को थाना निजामाबाद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अभियुक्त कृष्ण मुरारी मिश्रा उर्फ पिंटू बड़ागांव नहर पुलिया पर ठगी के जेवरात बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, जिस पर अभियुक्त ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में अभियुक्त के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अभियुक्त को तत्काल सीएचसी रानी की सराय में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से करीब ₹1.25 लाख मूल्य के ठगी किए गए सोने के जेवरात, ₹25,000 नगद, एक अवैध तमंचा, कारतूस, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा बिना नंबर प्लेट की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *