योगी सरकार की प्रोत्साहन योजनाओं से संवर रहा प्रदेश का खेल भविष्य: मेजर ध्यानचंद जयंती पर आज़मगढ़ में अंडर-14 हॉकी प्रतियोगिता आयोजित, स्टेडियम-ए बना विजेता

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आज़मगढ़। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश तथा क्षेत्रीय खेल कार्यालय आज़मगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय अंडर-14 बालक हॉकी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश की युवा खेल प्रतिभाओं को निखारने और ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को सही मंच और संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस खेल स्पर्धा का आयोजन सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में संपन्न हुआ।प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह, विशिष्ट अतिथि प्रतिभा निकेतन के प्रबंधक रमाकांत वर्मा तथा जिला हॉकी संघ के सचिव संजय सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर व गेंद को हिट कर किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी सिराजुद्दीन ने मुख्य अतिथियों का बुके, बैज एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर पारंपरिक स्वागत किया।प्रतियोगिता में जिले की कुल आठ टीमों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। शुरुआती नॉकआउट मुकाबलों में तरवां-बी ने आलिया पब्लिक स्कूल को 2-0, स्टेडियम-ए ने शांति निकेतन को 1-0, तरवां-ए ने भारत भारतीय स्कूल को 2-0 तथा स्टेडियम-बी ने प्रतिभा निकेतन को 2-1 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में स्थान पक्का किया। इसके बाद खेले गए प्रथम सेमीफाइनल में स्टेडियम-ए ने तरवां-बी को 1-0 और दूसरे सेमीफाइनल में तरवां-ए ने स्टेडियम-बी को 2-0 से पराजित कर खिताबी दौर में प्रवेश किया।दर्शकदीर्घा की जोरदार तालियों के बीच खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में स्टेडियम-ए की टीम ने अपने शानदार तालमेल और आक्रामक रणनीति के बदौलत तरवां-ए को 1-0 के अंतर से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान मुख्य अतिथि हैंडबाल संघ के सचिव के.एम. श्रीवास्तव एवं जिला जिम्नास्टिक्स संघ के पूर्व सचिव मंगल प्रसाद ने विजेता व उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को शील्ड व मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के जरिए सरकारी नौकरियां देना, प्रत्येक ग्राम पंचायत में खेल मैदान व ओपन जिम का निर्माण कराना और मेधावी खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति देना एक क्रांतिकारी कदम है। इन योजनाओं से प्रदेश में खेल का सकारात्मक माहौल तैयार हो रहा है।कार्यक्रम के अंत में उप क्रीड़ाधिकारी जयप्रकाश यादव, चंद्रशेखर, मिंटू प्रजापति, दीपक प्रजापति, दीपक यादव, संतोष भार्गव, अजय प्रजापति, काशीनाथ, अंगद मौर्या, कमलेश तथा विभिन्न खेलों के प्रशिक्षक भूपेंद्र वीर सिंह, नागेंद्र, गोविंद, करन श्रीवास्तव, मिथिलेश यादव एवं अरविंद कन्नौजिया सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी सिराजुद्दीन ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *