सर्वोदय पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया दुर्गा पूजा और दशहरा उत्सव, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल के प्रांगण में दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। पूरे विद्यालय परिसर में भक्ति, उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंधक श्री राजेंद्र प्रसाद यादव, निर्देशिका श्रीमती कंचन यादव, प्रधानाचार्य श्रीमती सुकांशा अवस्थी तथा उपप्रधानाचार्य श्री संजय कुमार विश्वकर्मा ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके पश्चात भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूप में सजे बच्चों का पूजन किया गया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने दुर्गा पूजा पर आधारित भक्तिमय गीत और समूह नृत्य प्रस्तुत किए। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से विद्यालय का वातावरण भक्तिमय हो गया। उपस्थित लोगों ने बच्चों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना की।इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंधक श्री राजेंद्र प्रसाद यादव ने सभी बच्चों को दुर्गा पूजा और दशहरे की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भगवान श्रीराम ने बुराई पर विजय प्राप्त कर अच्छाई और सत्य की स्थापना की, उसी प्रकार हम सभी को अपने जीवन में अच्छे कर्म करने चाहिए और सदैव धर्म एवं सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने बच्चों को त्योहारों के वास्तविक महत्व को समझते हुए अपने जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने की प्रेरणा दी।वहीं, विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती सुकांशा अवस्थी ने भी बच्चों को दुर्गा पूजा और दशहरे की बधाई दी। उन्होंने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का संक्षिप्त परिचय देते हुए उनके महत्व के बारे में बताया। साथ ही बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जुड़े रहने का संदेश दिया।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने पर्व की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन ने बच्चों को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने के साथ ही सत्य, अच्छाई और सदाचार का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *