

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र में देशी शराब की दुकान पर जाली नोट देकर शराब खरीदने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 100 रुपये का एक जाली नोट बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर को गांगेपुर मठिया स्थित देशी शराब की दुकान के सेल्समैन उदयभान यादव ने रौनापार थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि रामअशीष यादव उर्फ बग्गड़ ने अपने साथी पंकज राय उर्फ विनय कुमार राय को 100-100 रुपये के दो जाली नोट देकर शराब खरीदने के लिए भेजा था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।एसएसपी आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत रौनापार पुलिस ने 7 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस ने पंकज राय उर्फ विनय कुमार राय (45) निवासी जोकहरा को पहाड़पुर गोड़ौली इंटरलॉकिंग के पास से सुबह करीब 6:17 बजे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 100 रुपये का एक जाली नोट बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ रौनापार थाने में धारा 179/180 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का पूर्व में भी दो मुकदमों में आपराधिक इतिहास रहा है।कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रमेश कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामअनुज शुक्ला और कांस्टेबल रविशंकर चौरसिया शामिल रहे।
